रात 10:30 बजे इमली मोहल्ले में हुई घटना, सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने बंद की सप्लाई, मरम्मत के बाद बहाल हुई विद्युत व्यवस्था
तिलहर (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर जिले के तिलहर नगर में बुधवार देर रात विद्युत विभाग की पंच केबल अचानक पोल से टूटकर सड़क पर गिर गई। केबल में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि, घटना के समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना रात करीब 10:30 बजे इमली मोहल्ला स्थित वाल्मीकि मंदिर के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पंच केबल अचानक पोल से टूटकर जमीन पर आ गिरी और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी, जिसके बाद एहतियातन संबंधित फीडर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
सूचना मिलने पर लाइनमैन सुनील और कल्लू मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त केबल की मरम्मत का कार्य शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद केबल को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जर्जर विद्युत लाइनों और पंच केबलों का समय रहते निरीक्षण एवं प्रतिस्थापन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








