बार-बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, हर समय मंडरा रहा बड़े हादसे का खतरा
देसही देवरिया (देवरिया)। देवरिया जनपद के देसही देवरिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरा मदन गोपाल (नौका टोला) में जर्जर बिजली के तार ग्रामीणों के लिए बड़ी चिंता का विषय बने हुए हैं। वर्षों पुराने और ढीले पड़े बिजली के तार किसी भी समय टूटकर बड़ा हादसा कर सकते हैं। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक इनकी मरम्मत या बदलने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के ऊपर से गुजर रहे कई बिजली के तार अत्यधिक जर्जर हो चुके हैं। तेज हवा या बारिश के दौरान तार झूलने लगते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। खेतों में काम करने वाले किसान, सड़क से गुजरने वाले राहगीर तथा बच्चे हर समय खतरे के साये में रहते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तारों को नहीं बदला गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेते हुए जर्जर बिजली के तारों को बदलवाने तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
(यदि संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होगा तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)








