ब्रेकिंग न्यूज़ | UPPCL MEDIA
हरदोई, उत्तर प्रदेश। जनपद हरदोई के थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र के ग्राम विहंगवा में शनिवार (02 अगस्त 2026) की शाम एक दर्दनाक हादसे में कक्षा 9 की छात्रा की जान चली गई। छात्रा अपनी सहेली के साथ घर का सामान खरीदने किराना स्टोर जा रही थी, तभी एक तेज रफ्तार डीसीएम वाहन की टक्कर से बिजली का पोल टूटकर उसके ऊपर गिर पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, रागिनी शुक्ला (14 वर्ष) पुत्री अजय कुमार शुक्ला निवासी ग्राम विहंगवा, शाम करीब 5:00 बजे अपनी सहेली के साथ बाजार जा रही थी। इसी दौरान लापरवाही से चल रही एक डीसीएम गाड़ी सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर सीधे छात्रा के ऊपर गिर गया।
घटना में गंभीर रूप से घायल रागिनी को तत्काल सीएचसी बावन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल डीसीएम वाहन को कब्जे में ले लिया है तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
UPPCL MEDIA की अपील
यह हादसा सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। यदि वाहन चालक सावधानी बरतता, तो एक मासूम छात्रा की जान बच सकती थी। प्रशासन से मांग है कि दोषी चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा सड़क किनारे लगे बिजली के पोलों की सुरक्षा और मजबूती की भी समीक्षा की जाए।








