UPPCL MEDIA के लिए विशेष खबर
मैनपुरी के किशनी क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच के दौरान दबंगों का हमला, विभागीय कर्मचारियों में आक्रोश
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, चौराहीपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांव बिक्रमपुर में बिजली का पोल टूटने की सूचना मिलने पर जूनियर इंजीनियर (जेई) देवेंद्र सिंह, संविदा कर्मियों और लाइनमैनों की टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान टीम को अवैध रूप से बिजली चोरी कर मोनोब्लॉक पंप संचालित किए जाने की जानकारी मिली।
जब जेई देवेंद्र सिंह, लाइनमैन राहुल यादव और अजीत सिंह ने पंप संचालित कर रहे व्यक्ति से पूछताछ की, तभी वहां मौजूद लोगों ने अचानक टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जेई और लाइनमैनों के साथ मारपीट की, जिससे कई कर्मचारी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर कर्मचारियों को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा।
विद्युत विभाग का आरोप है कि हमलावरों ने सरकारी अभिलेख भी फाड़ दिए, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
घटना के बाद घायल कर्मचारियों का उपचार कराया गया। इसके बाद विभिन्न पावर हाउसों के कर्मचारी किशनी थाने पहुंचे और ब्रजेश, संजय तथा मनोज पुत्रगण कायम सिंह के विरुद्ध तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने तथा सरकारी दस्तावेज नष्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।








