दिल्ली में सम विषम योजना लागू होने के दौरान कानून तोड़ने पर वाहन चालकों जुर्माने के तौर पर मोटी रकम चुकानी होगी। गलती पकड़ी जाने पर 4,000 रुपये जुर्माना पड़ेगा। हालांकि, बाइक चालकों को राहत देते हुए सरकार ने इस योजना से बाहर रखा है। दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने इस बारे में फैसला कर लिया है।
नया परिवहन नियम नियम लागू होने के बाद दिल्ली सरकार ने नियम तोड़ने पर जुर्माना राशि में संशोधन किया है। अब अगर सम नंबर वाले दिनों में विषम नंबर की गाड़ी सड़क पर दिखी या विषम तारीख वाले दिनों में सम, तो उसको चार हजार रुपये का जुर्माना देना पड़ेगा।
दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवहन विभाग से सलाह मांगी थी कि बाइक चालकों को सम विषम योजना से छूट दी जाए या इनको भी शामिल कर लिया जाए।
इस पर परिवहन विभाग का मानना है कि दिल्ली में करीब 70 लाख बाइक हैं। इन्हें योजना में शामिल किया गया तो एक बार में 35 लाख लोग वाहन विहीन हो जाएंगे। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर जबरदस्त दबाव पड़ने से यह चरमरा जाएगी।








